न्यूयॉर्क में भारतीय नृत्यों की छटा, 300 से अधिक कलाकारों ने पेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत

न्यूयॉर्क, एजेंसी। अमेरिका में 300 से अधिक कलाकारों ने भारत की विविध शास्त्रीय और लोक नृत्य कलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के समक्ष समृद्ध भारतीय संस्कृति और परंपराओं की एक झलक पेश की। न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भरतनाट्यम कलाकार एवं शिक्षिका विजी राव द्वारा स्थापित फिलाडेल्फिया की गैर-लाभकारी नृत्य संस्था थ्री अक्ष के साथ मिलकर रविवार को मैनहट्टन के प्रतिष्ठित कानेर्गी हॉल में अखिल भारतीय नृत्य उत्सव-2026 का आयोजन किया। अमेरिका ने चार जुलाई को अपना 250वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। इसके एक दिन बाद भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से आयोजित इस नृत्य महोत्सव में दोनों देशों की सांस्कृतिक साझेदारी की झलक देखने को मिली। अमेरिका में जन्मे और पले-बढ़े भारतीय मूल के बच्चों ने कथक, कुचिपुड़ी और भरतनाट्यम जैसे शास्त्रीय नृत्यों के साथ-साथ भांगड़ा की भी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। करीब दो घंटे तक चले इस महोत्सव में न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, फिलाडेल्फिया और डेलावेयर के 10 विभिन्न नृत्य संस्थानों के लगभग 387 कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में भारतीय शास्त्रीय नृत्यों की प्रस्तुति दी।
5,000 वर्षों पुरानी संस्कृति

न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत विनय प्रधान ने कलाकारों की बेहतरीन प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा, आप सभी कलाकार आज एक मंच पर आए और भारत की 5,000 वर्षों पुरानी संस्कृति, उसकी विविधता और उसकी जीवंत परंपरा को हमारे सामने प्रस्तुत किया। विजी राव ने भी इस बात पर जोर दिया कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय की नयी पीढ़ी तक भारतीय संस्कृति और विरासत की परंपराओं को नृत्य तथा अन्य कला के माध्यम से निरंतर पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है। महोत्सव की शुरूआत वीणा पंडिरी के कलात्मक निर्देशन में संचालित नोट्स एन बीट्स स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा वंदे मातरम की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुई। इस प्रस्तुति का नेतृत्व गायक और संगीतकार भार्गव एचसी ने किया। गायत्री सुधाकर के निर्देशन में ह्यनृत्य समर्पणम स्कूल आॅफ डांस ने सर्वम शिवमय प्रस्तुत किया। इसमें भगवान शिव के तांडव से प्रेरित भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी और मोहिनीअट्टम की अनूठी शास्त्रीय जुगलबंदी देखने को मिली। इसी तरह अन्य कलाकारों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दी। करीब तीन हजार दर्शकों से खचाखच भरे सभागार में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।