जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: दिल्ली के गोकलपुरी स्थित तिरपाल फैक्ट्री वाली गली में एक ऐसी घटना हुई जिसने सभी को सन्न कर दिया। यहां एक घर में मेहंदी का फंक्शन चल रहा था। तेज म्यूजिक के बीच नांच-गाने से खुशियों का माहौल था। होने वाली दुल्हन के हाथों में मेहंदी लग रही थी। तभी कुछ ऐसा हुआ कि शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। दूल्हे की गर्लफ्रेंड ने दुल्हन शबनम पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले में 21 साल की शबनम बुरी तरह झुलस गई। दुल्हन की आंखों, चेहरे, गर्दन और हाथों पर जलने से घाव हो गए हैं। उसका इलाज गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में चल रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तेजाब पीड़िता की शादी 19 अप्रैल को होनी थी लेकिन 14 अप्रैल, मंगलवार को उसके साथ कुछ ऐसा हुआ जिससे उसके सभी सपने बिखर गए हैं।
बोतल खोली और फेंक दिया तेजाब
शबनम नाम की युवती पर उसकी पड़ोस में रहने वाली गुलिस्ता ने तेजाब से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले गुलिस्ता शबनम के घर मेहंदी लगवाने आई थी। जिस युवक से शबनम की शादी होने वाली थी, उसे गुलिस्ता भी पसंद करती थी। इसी बात को लेकर गुलिस्ता के मन में नाराज़गी और जलन थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मेहंदी फंक्शन में दोनों नॉर्मल तरीके से बातचीत कर रही थीं। दोनों ने मेहंदी लगाने के तरीके पर भी चर्चा की।
तभी अचानक स्थिति बिगड़ गई। दूल्हे की गर्लफ्रेंड ने एक बोतल खोली जिसमें कथित तौर पर तेजाब था। उस तेजाब को उसने झट से दुल्हन के चेहरे पर फेंक दिया। इतने से भी उसका मन नहीं भरा तो उसने किसी चीज से उस पर हमला करने की कोशिश की। इस घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्य दर्द से चीखती दुल्हन की मदद के लिए दौड़े वहीं कुछ लोगों ने 26 साल की आरोपी लड़की को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को कॉल कर दिया। घायल दुल्हन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वह फिलहाल डॉक्टर्स की निगरानी में है।
दूल्हे की गर्लफ्रेंड ने दुल्हन पर किया हमला
शुरुआती जांच से पता चला है कि दोनों लड़कियां पड़ोसी हैं। सूत्रों के मुताबिक वह पिछले पांच सालों से होने वाले दूल्हे के साथ रिश्ते में है। कथित हमलावर को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।





