लखीमपुर खीरी, एजेंसी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में मंगलवार सुबह सीतापुर-शाहजहांपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार के ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने की दुर्घटना में पति-पत्नी और उनकी भतीजी की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मैगलंगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) संजीव सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान विमल सिंह (40), उनकी पत्नी वंदना सिंह (30) और भतीजी अलीक्षा वर्मा (22) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सभी सुलतानपुर के शास्त्रीनगर इलाके के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, हादसे में विमल सिंह के बेटे वीर पटेल, बेटी रूबी और साले आयुष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को शाहजहांपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि परिवार के सदस्य हरिद्वार से सुलतानपुर लौट रहे थे कि इसी दौरान मैगलंगंज क्षेत्र में उनकी कार सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली की कार से टक्कर में दंपति समेत तीन लोग की मौत, तीन अन्य लोग घायल
16-Jun-2026





