जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के निवासियों के लिए चिंता की खबर आई है। यूपी में कोरोना का नया मामला सामने आया है। कोरोना की पुष्टि होने के बाद युवक को वाराणसी के बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरोें की मानें तो कोरोना वायरस की रफ्तार धीमी है, लेकिन यह संक्रमण अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है।

बता दें कि वाराणसी के आशपुर का रहने वाला युवक कोरोना से संक्रमित निकला। डॉक्टरों के अनुसार युवक को कई दिनों से सांस लेने में परेशानी हो रही थी। टीबी विभाग के डॉक्टरों ने जब कोरोना की जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। इसके बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। डॉक्टरों का कहना है कि हर माह एक से दो मरीजों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। यह इस बात का संकेत है कि कोरोना वायरस अभी भी मौजूद है। यह पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। डॉक्टरों की मानें तो कोरोना वायरस आसानी से खत्म होने वाला नहीं है। उनका कहना है कि कोरोना की वैक्सीन लगने के बाद यह संक्रमण पहले की तरह लोगों को ज्यादा संक्रमित नहीं कर पा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि जिन लोगों में इम्युनिटी कमजोर होगी उन्हें इससे ज्यादा खतरा है।





