गुजरात के मुख्यमंत्री को सौंपा राष्ट्रमंडल खेल ध्वज, 2030 की तैयारियों की सांकेतिक शुरूआत

गांधीनगर, एजेंसी। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को बुधवार को राष्ट्रमंडल खेलों का ध्वज औपचारिक तौर पर सौंप दिया गया जिससे 2030 में अहमदाबाद में होने वाले खेलों की तैयारियों की सांकेतिक शुरूआत भी हो गई । ग्लास्गो से लौटने के बाद गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने पटेल को यहां कैबिनेट बैठक के दौरान ध्वज सौंपा । दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा के साथ सांघवी ग्लास्गो में राष्ट्रमंडल खेलों के समापन समारोह में मौजूद थे जहां राष्ट्रमंडल खेलों का ध्वज अगले मेजबान के तौर पर भारत को सौंपा गया । एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार ,‘‘ उप मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने राष्ट्रमंडल खेलों का ध्वज औपचारिक तौर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को यहां प्रदेश कैबिनेट बैठक के दौरान पूरे सम्मान और गरिमा के साथ सौंपा ।’’इस मौके पर ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भाग लेने वाले गुजरात के पैरा खिलाड़ी राकेश भट्ट और रोहित मजगुल भी मौजूद थे । पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी सोनल पटेल भी समारोह में थी ।