कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने मचाई भारी तबाही 

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। यहां कम से कम 132 लोगों के मारे जाने की खबरें सामने आ रही है। इसके अलावा 2000 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। इनके मलबे में फंसे हाने की संभावना है। राहत और बचाव अभियान जारी है। फ्रांस, इटली, यूक्रेन, इक्वाडोर और अमेरिका ने कोलंबिया के साथ एकजुटता दिखाई है। 
दक्षिण अमेरिका महाद्वीप में है कोलंबिया

दक्षिण अमेरिका महाद्वीप के उत्तर-पश्चिम में स्थित कोलंबिया एक देश है। इस देश की राजधानी बोगोटा है। कोलंबिया के पूर्व में वेनेजुएला और ब्राजील, दक्षिण में इक्वेडोर और पेरू हैं। वहीं उत्तर में केरेबियन सागर, उत्तर पश्चिम में पनामा और पश्चिम में प्रशांत महासागर स्थित है। अब यहां आए 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही हुई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अब तक 132 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं 570 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। वहीं 2000 लोग लापता बताए जा रहे हैं। यहां 1500 घरों को नुकसान पहुंचा है।  लापता लोगों के इन घरों में दबे होने की आशंका जताई जहा रही है। इनको बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। कोलंबियन एसोसिएशन आॅफ कैपिटल सिटीज के अनुसार भूकंप का केंद्र कोलंबिया के चोको क्षेत्र में सैन जोस डेल पाल्मीरा के पास था, जो राजधानी बोगोटा से करीब 280 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।
पड़ोसी देश पर भूकंप का असर 

बता दें कि पश्चिमी कोलंबिया में आए इस भूकंप का असर पड़ोसी देश इक्वाडोर में भी महसूस किया गया। भूकंप की तबाही के बाद कई देशों के नेताओं ने कोलंबिया के लोगों के प्रति संवेदना और समर्थन जताया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में फ्रांस के साथ खड़ा है। दोस्त देश की हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने भूकंप में मारे गए लोगों, उनके परिवारों, घायलों और प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी कोलंबिया के लोगों के साथ एकजुटता जताई। उन्होंने कहा कि पश्चिमी कोलंबिया में आए भूकंप की खबर बेहद दुखद है और इसका असर पड़ोसी इक्वाडोर पर भी पड़ा है। उन्होंने मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दुनिया के सक्षम देशों से प्रभावित लोगों और देशों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी कहा कि वह कोलंबिया में आए भीषण भूकंप से जुड़ी खबरों पर नजर रख रही हैं और इटली प्रभावित परिवारों तथा बचाव कार्य में जुटे लोगों के साथ खड़ा है।
इक्वाडोर ने की तत्काल मदद की पेशकश 

भूकंप से प्रभावित कोलंबिया के लिए पड़ोसी इक्वाडोर ने तत्काल मदद की पेशकश की है। इक्वाडोर के राष्ट्रपति डेनियल नोबोआ अजिन ने कहा कि कोलंबिया की मदद के लिए 47 बचावकर्मियों, प्रशिक्षित कुत्तों और जरूरी उपकरणों वाली यूएसएआर टीम उपलब्ध कराने की पेशकश की। अमेरिका ने भी कोलंबिया में आए बड़े भूकंप पर नजर रखने की बात कही है। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ट्रंप प्रशासन स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है। अमेरिका कोलंबिया के लोगों और राष्ट्रपति अबेलार्डो डी ला एस्प्रीएला के प्रशासन की मदद के लिए तैयार है। कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्दो ने बताया कि भूकंप में 1,577 रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा है। 60 से ज्यादा इमारतें गिर गई हैं। इसके अलावा 18 स्वास्थ्य केंद्र और 52 स्कूल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।