जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पहले विश्वकर्मा जयंती पर शुभकामना संदेश पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने लिखा, ‘सृजन, कौशल एवं श्रम-साधना के अधिष्ठाता भगवान विश्वकर्मा की पावन जयंती की सभी श्रद्धालुओं तथा प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। ‘देवशिल्पी’ की कृपा से सभी शिल्पकारों, अभियंता बंधुओं एवं कर्मठ श्रमिकों के जीवन में उन्नति व समृद्धि का वास हो, आपके कर्म और कौशल से ‘नया भारत’ निरंतर प्रगति एवं वैभव के नवीन शिखरों को प्राप्त करे, यही प्रार्थना है।

इसके बाद सीएम योगी ने लिखा,‘145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख, समृद्धि, सुरक्षा एवं स्वाभिमान का नवप्रभात लाने हेतु अविराम राष्ट्रयज्ञ में समर्पित, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्नद्रष्टा, ‘नए भारत के शिल्पी’ और हमारे मार्गदर्शक आदरणीय प्रधानमंत्री ारेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उन्होंने लिखा कि नेशन फर्स्ट के पावन संकल्प, कर्मनिष्ठा एवं लोक-कल्याण के प्रति आपका समर्पित जीवन ‘विकसित भारत’ के ध्येय को साकार करने का प्रेरणास्रोत है। आपके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के नवीन कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ व यशस्वी जीवन प्रदान करें।






