सीएम योगी की नितिन गडकरी संग बैठक, प्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्गों पर विस्तृत चर्चा

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं सड़क अवसंरचना से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में मथुरा-बरेली-सितारगंज, आगरा-अलीगढ़, आगरा-ग्वालियर-झांसी-नागपुर आर्थिक गलियारा, कानपुर रिंग रोड, नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (जेवर) संपर्क मार्ग समेत प्रदेश में प्रस्तावित व निर्माणाधीन परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा की गई। राम वनगमन मार्ग, रामजानकी मार्ग एवं 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि ये परियोजनाएं भारत की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्रदान करेंगी।


सीएम योगी ने शामली से गोरखपुर तक प्रस्तावित लगभग 742 किलोमीटर लंबे 04 लेन एक्सेस कंट्रोल्ड राष्ट्रीय राजमार्ग की समीक्षा करते हुए कहा कि यह महत्वाकांक्षी कॉरिडोर पश्चिमी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क को नई दिशा देगा। इसके साथ ही औद्योगिक विकास, निवेश, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।


प्रस्तावित नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर पर चर्चा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों को उत्तर से दक्षिण तक उच्च क्षमता वाले सड़क नेटवर्क से जोड़ना आर्थिक विकास, औद्योगिक निवेश एवं संतुलित क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति, उपयोगिताओं के स्थानांतरण तथा अन्य विभागीय औपचारिकताओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी परियोजनाओं का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में प्रारंभ एवं पूर्ण हो सके।