जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जन-समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएम योगी ने मंदिर परिसर स्थित गोशाला में गौ सेवा भी की।

तत्पश्चात सीएम योगी ने गोरखपुर में आयोजित लोक निर्माण विभाग की बैठक की जिसमें गोरखपुर एवं आजमगढ़ मंडल में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि आज 926 करोड़ से अधिक लागत की परियोजनाओं का शुभारंभ गोरखपुर महानगर में किया गया है।

सीएम योगी ने कहा कि आज का दिन प्रदेश के लिए अत्यंत गौरवशाली और ऐतिहासिक है, क्योंकि आज हमने प्रदेश के सुपोषण मिशन के द्वितीय चरण के कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया है, जिसका लाभ प्रदेश के लगभग 2 करोड़ बच्चों को मिलने जा रहा है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को इसके लिए हार्दिक बधाई दी और मंगलमय शुभकामनाएं दी।





