सहारनपुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, विकास परियोजनाओं को समय से पूरा करने के निर्देश

जन प्रवाद, ब्यूरो।
सहारनपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को सहारनपुर पहुंचे। उन्होंने  एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अतिरिक्त श्रमिक लगाकर शारदीय नवरात्रि तक इसे पूर्ण करने का प्रयास किया जाए। निर्माण कार्यों में समयबद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने अचानक आई बाढ़ से हुई जनहानि एवं धनहानि की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने निर्देश दिए कि दुकानदारों के हुए आर्थिक नुकसान का आकलन कराकर उन्हें नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आपदा के संबंध में लोगों को समय से अलर्ट किया जाए तथा आपदा से होने वाली क्षति की सूचना शासन को यथाशीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि समयबद्ध ढंग से राहत कार्य संचालित किए जा सकें। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सहारनपुर में मां शाकुम्भरी देवी मंदिर एवं बाबा भूरादेव जी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं लोक-कल्याण की कामना की।