जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज कॉकरोच जनता पार्टी विरोध प्रदर्शन कर रही है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके आज अमेरिका से भारत लौटा। इसके बाद उसने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। सीजेपी के प्रोटेस्ट के मद्देनजर जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए। दिल्ली पुलिस ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की इजाजत दी है।

गौरतलब है अभिजीत दीपके ने इस महीने की शुरुआत में अपने समर्थकों और छात्रों से दिल्ली के प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया था। कॉकरोच पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके शनिवार सुबह 7:30 बजे ब्रिटिश एयरवेज के विमान से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा था। पुलिस द्वारा जंतर-मंतर के दोनों तरफ बैरिकेड से घेरा बनाया गया और हजारों पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।

जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए जंतर-मंतर पर पहुंचे। वांगचुक ने प्रदर्शन की इजाजत देने के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मैं सद्भावना का पैगाम लेकर आया हूं। इस अवसर पर अभिजीत ने सवाल करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के लिए एक मंत्री अहम है या छात्र। छात्र और युवा कब तक डर के साय में जीवन जीता रहेगा। सरकार को धर्म की राजनीति बंद करनी होगी।

कॉकरोच पार्टी के विरोध प्रदर्शन में जंतर-मंतर पर नारेबाजी चल रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि धर्म की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह प्रदर्शन फेल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम की गलती से हुआ है जो सारे कॉक्रोच बाहर आ गए हैं। धर्म के नाम पर छात्र अब नहीं बटेंगे। धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो, एक मिनिस्टर की विफलता की वजह से छात्रों को जान गंवानी पड़ रही है। अभिजीत दीपके ने विरोध प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर से केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। अभिजीत ने कहा कि आप हमारी सोशल मीडिया पोस्ट हटा सकते हैं, लेकिन हमें नहीं हटा सकते। यह सिस्टम की गलती है कि कॉकरोच बाहर निकल रहे हैं।





