जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। इस प्रदर्शन को लेकर भले ही अनुमति नहीं है फिर भी सीजेपी के कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचने लगे। अभी तक 150 से ज्यादा कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए हैं। वहीं दिल्ली-एनसीआर के कई रास्तों पर डायवर्जन है ऐसे में घर से निकलने से पहले रुट की जानकारी जरुर कर लें।
अलर्ट मोड पर दिल्ली-एनसीआर पुलिस
दिल्ली में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से विरोध-प्रदर्शन के ऐलान से दिल्ली-एनसीआर की पुलिस अलर्ट मोड पर है। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति भले नहीं दी फिर भी सीजेपी के कई कार्यकर्ताओं को जंतर-मंतर पहुचंने लगे हैं। फिलहाल 150 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के गेट कल से ही बंद कर दिए गए थे जो आज शाम छह बजे तक बंद रहेंगे। पुलिस के अनुसार राजधानी में धारा 163 लागू है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिरासत में लिए गए दीपके, आशुतोष रांका
दूसरी ओर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को हिरासत में ले लिया गया है। सीजेपी ने खुद एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए यह जानकारी दी। तीनों को दिल्ली एयरपोर्ट पर उनकी फ्लाइट के अंदर से हिरासत में लिया गया। दीपके ने मुंबई में दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले कहा है कि वह गिरफ्तारी या हिरासत में लिए जाने से नहीं डरते और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पार्टी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना होने से पहले मुंबई में उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। दीपके ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन को रोकने के लिए लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने रेलवे सेवाओं, मेट्रो संचालन और सड़कों पर लगाई गई पाबंदियों को लेकर भी सवाल किए।
हिरासत में यूट्यूबर ध्रुव राठी
दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को उनके गुरुग्राम स्थित आवास से हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई तब की गई जब ध्रुव राठी सीजेपी प्रदर्शन में शामिल होने आए थे। राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-55 इलाके से अपराध शाखा की तीन टीमों ने आज शनिवार सुबह लगभग 8 बजे हिरासत में लिया। इसके बाद अपराध शाखा की टीमें उसे लेकर अपराध शाखा के एक आॅफिस में पहुंची। यहां लगभग एक घंटे तक पूछताछ की गई और दिल्ली पुलिस से संपर्क साधा गया। बाद में अपराध शाखा की टीम तीन गाड़ियों में ध्रुव राठी को लेकर एक्सप्रेस-वे पर राजीव चौक के पास से दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
एनसीआर के कई क्षेत्रों में पाबंदियां लागू
बता दें कि सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर सिर्फ दिल्ली ही नहीं एनसीआर के कई क्षेत्रों में पाबंदियां लागू की गई हैं। दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर निगरानी बढ़ाई गई है, जिसकी वजह से आधे से ज्यादा सड़कों को बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया गया है। नवरात्र की शुरुआत से पहले लोग अपने घरों से खरीदारी को लेकर निकल रहे हैं। इससे लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है। गाड़ियों को आर पार होने में काफी टाइम लग लग रहा है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार शंकर रोड-वंदे मातरम टी प्वाइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां के पास ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। साथ ही मंडी हाउस, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग समेत कई स्थानों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू है।
कई बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इसके अलावा गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले सभी प्रमुख बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कौशांबी के यूपी बॉर्डर से लेकर लोनी, खोड़ा, तुलसी निकेतन, अप्सरा और सीमापुरी बॉर्डर तक पुलिस अलर्ट है। आज सुबह से ही दिल्ली की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। बिना पूछताछ के किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर मोर्चा संभाल रहे हैं। गाजियाबाद के सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इसमें कौशांबी यूपी बॉर्डर, दिलशाद गार्डन के अप्सरा बॉर्डर, तुलसी निकेतन बॉर्डर, लोनी बॉर्डर शामिल है। इसमके अलावा खोड़ा क्षेत्र के मयूर विहार और गाजीपुर बॉर्डर तथा शालीमार गार्डन के सीमापुरी बॉर्डर पर पुलिस की विशेष निगरानी है। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को रोककर उनकी जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ पुलिसकर्मी लोगों से पूछताछ भी कर रहे हैं।





