40 कन्याओं के विवाह की तैयारी, जिलाधिकारी ने व्यापक प्रचार-प्रसार करने का दिया आदेश

जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा योजना की वर्तमान प्रगति, शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य एवं आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया गया।
बैठक की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है। सभी संबंधित अधिकारी इसकी गंभीरता को समझते हुए जनपद गौतमबुद्धनगर को शासन द्वारा आवंटित लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करें तथा पात्र लाभार्थियों से अधिकाधिक आवेदन प्राप्त कर लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने निर्देश दिया। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ पहुंचना चाहिए।


इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद गौतमबुद्धनगर को कुल 40 जोड़ों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। लक्ष्य की पूर्ति के लिए समस्त अधिशासी अधिकारियों, समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अधिकाधिक पात्र जोड़ों के आवेदन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि नवीन शासनादेश के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। इसके अनुसार प्रति जोड़ा उपहार सामग्री पर पूर्व निर्धारित 25,000 के स्थान पर 21,000 व्यय किए जाएंगे। पूर्व में चांदी के सामान हेतु निर्धारित 4,000 की राशि को समाप्त कर अब लाभार्थी कन्या के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित किया जाएगा, जिससे बैंक खाते में दी जाने वाली सहायता राशि 60,000 से बढ़ाकर 64,000 कर दी गई है। विवाह आयोजन की व्यवस्थाओं हेतु 15,000 की राशि पूर्ववत यथावत रहेगी। इस प्रकार प्रति जोड़ा कुल सहायता राशि 1,00,000 निर्धारित है।


उन्होंने यह भी अवगत कराया कि वर्तमान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पोर्टल पर कुल 07 आवेदन लंबित हैं, जिनमें नगर पंचायत दनकौर के 2, विकास खंड बिसरख के 4 तथा नगरपालिका परिषद दादरी का एक आवेदन शामिल है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध सत्यापन कर पात्र जोड़ों का विवाह शीघ्र सम्पन्न कराया जाए तथा जनपद को आवंटित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, तहसीलदार जेवर प्रतीक चौहान, ईओ दादरी शालिनी गुप्ता, समाज कल्याण विभाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।