जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। जनपद अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के सर्राफा बाजार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में निकाली जा रही रामडोल शोभायात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डीजे पर गाना बजाने को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और बेल्ट से भी मारपीट की गई। हालांकि, पुलिस मौके पर मौजूद थी। मामले में पुलिस कार्रवाई की बात कही जा रही है। 
घटना अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के सर्राफा बाजार की है, जहां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर रामडोल शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते सड़क पर लात-घूंसे चलने लगे। आरोप है कि मारपीट के दौरान बेल्ट का भी इस्तेमाल किया गया। अचानक हुई इस घटना से शोभायात्रा में शामिल लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
शोभायात्रा में डीजे को लेकर बवाल, पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट
07-Sep-2026





