चंद्रशेखर की सीएम योगी को चुनौती, बोले बिजनौर से चुनाव लड़कर दिखाएं

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज होती नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद अब आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनावी चुनौती दी है। अमरोहा जनपद के हसनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने सीएम योगी को बिजनौर जिले की किसी भी विधानसभा सीट से उनके सामने चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर वह मुख्यमंत्री को चुनाव नहीं हरा पाए तो राजनीति छोड़ देंगे। इसके अलावा उन्होंने चुनाव आयोग और सरकार पर भी सवाल उठाए।

अमरोहा के हसनपुर में आयोजित जनसभा के दौरान सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिजनौर जिले की आठ विधानसभा सीटों में से किसी भी सीट पर उनके सामने चुनाव लड़कर दिखाएं। चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया कि अगर वह मुख्यमंत्री को चुनाव नहीं हरा पाए तो राजनीति छोड़ देंगे। अपने संबोधन में चंद्रशेखर आजाद ने 2022 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। 

उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में उनकी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने पहुंचे थे। हालांकि, उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। चंद्रशेखर आजाद ने अपने भाषण में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग से जुड़े मुद्दे और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की जनसभाओं में भीड़ जुटाने को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उनके इस बयान के बाद प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।