तीन लोगों का हत्यारोपी जीतू एनकाउंटर में ढेर, सुबह पांच बजे हुई मुठभेड़, एक साथी फरार

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। बुलंदशहर तड़के पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बुलंदशहर में तीन दोस्तों के हत्यारोपी बर्थडे बॉय जीतू सैनी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। गुरुवार सुबह पांच बजे पुलिस और 50 हजार के इनामी जीतू की मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में उसको तीन गोलियां लगीं। इसके बाद पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर गई जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 


इस खबर की सूचना मिलते ही अस्पताल के पास लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। मुठभेड़ में इंस्पेक्टर मो.असलम और हेड कॉन्स्टेबल मोहित मलिक भी घायल हुए हैं। दोनों को हायर सेंटर में भर्ती करवाया गया है। इसके अलावा, दो सिपाही रामफल और कपिल के बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी। मुठभेड़ जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी दूर खुर्जा थाना क्षेत्र में हुई। 
बता दें कि 25 अप्रैल की रात आरजेएस फिटनेस जिम में बर्थडे बॉय जीतू सैनी ने भाजपा सभासद के भाई, चचेरे भाई और भतीजे की मामूली बात को लेकर हत्या कर दी थी। जीतू बसपा का पूर्व नगर अध्यक्ष भी रह चुका था। पुलिस ने अब तक इस मामले में जीतू से पहले मयंक सैनी, रिंकू सैनी और भारत सैनी को एनकाउंटर में गोली मारकर पकड़ा था।
इस बाबत एसपी बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में हमारी छह टीमें दबिश दे रही थीं। इसी दौरान पुलिस टीम ने स्कूटी पर जा रहे दो बदमाशों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की। जब पुलिस ने उनका पीछा किया तो उन्होंने पुलिस पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने 32 बोर की पिस्टल, स्कूटी और भारी मात्रा में खोखे व जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एक बदमाश मौके से भागने में सफल रहा, पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। 
बता दें कि 25 अप्रैल को जीतू सैनी का जन्मदिन था। उसने पार्टी में दोस्तों को बुलाया था। इसमें मनीष सैनी, आकाश और अमरदीप सैनी भी शामिल होने गए थे। चश्मदीदों ने बताया कि बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगा दिया। इससे वह भड़क गया था। केक लगाने को लेकर पहले कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जिसमें उक्त तीनों की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी जीतू ने मयंक के तमंचे से फायरिंग की थी। वारदात के बाद वे मौके से फरार हो गए थे।