राउज एवेन्यू कोर्ट से बृजभूषण सिंह बरी, विनेश फोगाट को झटका, जारी रखेंगी लड़ाई

जन प्रवाद, ब्यूरो।
दिल्ली। सावन के पहले सोमवार के दिन दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में बहुत ही अहम फैसला सुनाया। कोर्ट ने इस मामले में बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को बरी कर दिया है। बरी होने के बाद उनकी प्रतिक्रिया सामने आई है। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वह सिर्फ बरी नहीं हुए हैं, बल्कि सम्मान के साथ बरी हुए हैं। उन्होंने 18 जनवरी 2023 के अपने बयान को दोहराया। उन्होंने कहा कि यह एक षड्यंत्र था और आरोप सही पाए जाने पर वह स्वत: फांसी पर लटक जाते। बृजभूषण ने बताया कि लगभग तीन साल बाद कोर्ट ने उन्हें बरी किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके साथ न्याय होगा और उन्होंने कभी खुद को अपराधी महसूस नहीं किया। उन्होंने इस दिन को अपने और समर्थकों के लिए खुशी का दिन बताया।


फैसला आने के बाद पूर्व ओलंपियन विनेश फोगाट की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।  फोगाट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिय दी। उन्होंने लिखा सत्ताधारी दल के एक शक्तिशाली नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करना बहुत साहस का काम था। फोगाट ने आरोप लगाया कि बृजभूषण ने अपनी शक्ति का उपयोग कर कई लड़कियों को नाम वापस लेने के लिए डराया। हालांकि, कई महिला पहलवानों ने अदालत में बृजभूषण के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ी।  विनेश ने यह भी आरोप लगाया कि शुरुआत से ही पूरा तंत्र और सरकार बृजभूषण को बचाने में लगी थी। महिला पहलवानों ने इस फैसले के खिलाफ अपील करने का निर्देश अपने वकीलों को दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने उम्मीद नहीं खोई है और अपनी लड़ाई जारी रखेंगी। 


कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। प्रियंका गांधी ने कहा कि एक तरफ तो वे कहते हैं कि वे युवा पीढ़ी के साथ हैं। महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण की बात करते हैं। वहीं दूसरी ओर वे ऐसा करते हैं।
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न मामले में भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को बरी कर दिया है। बरी होने के बाद लोगों ने बृजभूषण को फूलों की माला और गुलदस्ते देकर बधाई दी।