जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी और बहराइच जनपद के पास स्थित दुधवा टाइगर रिजर्व क्षेत्र में तेंदुए के आतंक से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। यहां एक फार्म हाउस से सात साल की बच्ची को तेंदुआ उठाकर ले गया जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं लोगों में आक्रोश व्याप्त है। बता दें कि यूपी में दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन के बेलरायां रेंज में बुधवार रात फुटहा फार्म निवासी जोगा सिंह की 7 वर्ष की बेटी सिमरन बुधवार रात घर पर थी। परिवार वालों ने बताया कि इसी दौरान अचानक घर में तेंदुए घुसा और उसने उनकी बच्ची को जबड़े में दबोच लिया। परिजनों ने उसका पीछा किया लेकिन तब तक वह काफी दूर तक जा चुका था। कुछ देर बाद बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। बेलतराई रेंजर भूपेंद्र चौधरी के अनुसार इलाके में तेंदुए की सक्रियता है। इसको देखते हुए पहले ही दो स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने व बच्चों को अकेला न छोड़ने की अपील की है।

कई लोगों पर हमला कर चुका है तेंदुआ :
बता दें कि दुधवा बफर जोन के मझगई रेंज में मंगलवार दोपहर खेत से निकले तेंदुए ने दो मजदूरों पर हमला कर दिया। मजदूरों की चीख पुकार सुनकर गांव वाले लाठी-डंडा लेकर उसके पीछे दौड़े। ग्रामीणों ने मिलकर तेंदुए को पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग की टीम उसे मझगई रेंज ऑफिस ले गई। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। यह घटना मंगलवार दोपहर मझगई रेंज के बेला कलां के लोहरा वीरान में हुई। इसी गांव के निवासी बबलू पुत्र सुंदर और नरेश पुत्र पूरन अपने खेत में गेहूं काट रहे थे। तभी अचानक आए तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। दोनों की चीखने की आवाज सुनकर आसपास में गेहूं काट रहे लोग दौड़े और लाठी-डंडों की मदद से उसे रस्सी में बांध लिया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम से ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई। इसके बाद टीम ने मादा तेंदुए को पिंजड़े में डाल दिया और अपने साथ ले गई।





