कचहरी परिसर में वकील ने चचेरे भाई को मारी गोली

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में उस समय हड़कंप मच गया जब कचहरी परिसर में एक वकील ने अपने ही चचेरे भाई को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल चचेरे भाई को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। 
जानकारी के अनुसार लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह कचहरी परिसर में गोली चलने से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों के बीच पहले मारपीट हुई, इसके बाद वहां मौजूद वकीलों ने मामला शांत करवा दिया। कुछ देर बाद दोबारा से झगड़ा शुरू हो गया।

इस दौरान वकील विराट राज ने अपने ही चचेरे भाई जितेन्द्र राज को गोली मार दी। गोली उनके सीने में लगी जिससे वह तुरंत जमीन पर गिर गए। गोली मारने के बाद विराट राज वहां से भाग गया। बताया जा रहा है कि दोनों भाई वकील हैं और एक दूसरे के निकट की प्रैक्टिस करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी व एएसपी पूर्वी पवन गौतम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों में खेत की मेड़ को लेकर विवाद चल रहा था। जांच में पता चला है कि तमंचे से गोली मारी गई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार हुए वकील की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।