पुलिस मुठभेड़ में शातिर गोकश गिरफ्तार, अवैध हथियार, कारतूस व चाकू बरामद

जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा, यूपी। यूपी के अमरोहा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायलावस्था में उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि अमरोहा के बछरायूं में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान घायलावस्था में एक शातिर गोकश को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधी पर करीब डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के पास से अवैध हथियार, गोकशी के उपकरण आदि बरामद किए हैं। 


उन्होंने बताया कि बछरायूं पुलिस टीम संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने ढयौटी रोड पर एक संदिग्ध आॅटो को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बदमाश ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। ​गनीमत रही कि गोली थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह तोमर की बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी, जिससे उनकी जान बच गई। जवाबी फायरिंग में बदमाश जाकिर के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से जाकिर पुत्र कल्लू खां को गिरफ्तार कर लिया है।


​पकड़े गए अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, चापड़ और गोकशी में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जाकिर एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिस पर गैंगस्टर एक्ट, गोवध अधिनियम और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में 18 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।