पाकिस्तान के जहाज ने भारतीय युद्धपोत को मारी टक्कर

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली, एजेंसी। अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र के अंदर भारतीय नौसेना के एक जहाज और पाकिस्तानी नौसेना के पोत की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद भारत ने पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक को तलब किया और कड़ा विरोध दर्ज कराया। भारत के अनुसार घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, पाकिस्तानी नौसैनिक पोत का आचरण 1991 के भारत-पाकिस्तान समझौते के अनुच्छेद 10 के विपरीत था। भारत ने इस्लामाबाद में भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष विरोध दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।


विदेश मंत्रालय ने बताया कि पाकिस्तानी प्रभारी राजनयिक को बुधवार को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया। उन्हें पाकिस्तानी अधिकारियों तक भारत की कड़ी आपत्ति पहुंचाने के लिए कहा गया। भारत ने स्पष्ट किया कि समुद्र में सभी सैन्य इकाइयों को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए और दोनों देशों के बीच लागू संबंधित समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करना चाहिए।

विदेश मंत्रालय के अनुसार सीडीए को आज विदेश मंत्रालय में तलब किया गया और समुद्र में पाकिस्तानी नौसैनिक इकाइयों के अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर आचरण को लेकर उनके समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया गया, जिसके कारण भारतीय नौसेना की एक इकाई से टक्कर हुई।