जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एसटीएफ और ईनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ इंदिरा कैनाल रोड पर उस समय हुई, जब एसटीएफ की टीम आरोपी की तलाश में वहां पहुंची। पुलिस को देखकर इनामी बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके गोली लगी। पुलिस ने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार संजय उर्फ संजीव अंबेडकर नगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के चक कोदार गांव का रहने वाला था। उस पर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। 27 मई को लखनऊ के पीजीआई इलाके में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड के बाद से संजय फरार चल रहा था। उसकी तलाश में कई टीमों का गठन किया गया था जो उसको गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही थीं। लगभग एक माह से यूपी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। एसटीएफ के अनुसार शुक्रवार को इंदिरा कैनाल रोड पर आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान मुठभेड़ हो गई। जिसमें संजय के गोली लग गई और वह घायल होकर गिर गया। उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार संजय का नाम अंबेडकरनगर, अयोध्या और बस्ती सहित कई जिलों में हत्या और अन्य संगीन अपराधों में सामने आ चुका है। जांच के अनुसार वह कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर कई जघन्य वारदातों को अंजाम दे चुका था। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका क्या थी और वे किन-किन आपराधिक मामलों में वांछित हैं।





