जन प्रवाद, ब्यूरो।
फर्रूखाबाद। यूपी के फर्रूखाबाद जिले के गांव खुड़ना वैध में एक युवक ने बुधवार सुबह अपनी मां पर र्इंट और सिलबट्टे से हमला कर दिया। उसने अपनी मां के सिर पर कई बार किए जिससे उसकी मौत हो गई। मां को बचाने पहुंची बहन पर भी उसने हमला कर दिया। उसकी गर्दन दबाकर उसे मारने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर बचाया, तो उन पर भी ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने उसे काबू कर पाया इसके बाद उसके हाथों को रस्सी से बांधकर गली में डाल दिया। युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है।
बता दें कि खुड़ना वैध निवासी मुन्नी देवी के पति रामदुलारे राठौर की दो वर्ष पूर्व बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उनके बेटा शिवम, पंकज राठौर व बेटी सुषमा है। शिवम पत्नी के साथ पानीपत में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। पंकज गांव मंझना स्थित बाजार में जनरल स्टोर की दुकान चलाता है। करीब पांच वर्ष पूर्व वह मानसिक रूप से बीमार हो गया था। शहर के डॉक्टर से इलाज होने पर फिलहाल वह ठीक था। बीते 15 दिन से उसकी मानसिक स्थिति फिर से बिगड़ने लगी थी।

इसके बाद उसका दोबारा पूर्व डॉक्टर से इलाज शुरू हुआ। मंगलवार शाम को अपने चचेरे भाई ईश्वर दयाल की पत्नी उमाकांती पर हमला कर दिया था। उसके हमले से वह किसी तरह से बच पाई थी। बुधवार सुबह बहन सुषमा घर से कुछ दूरी परजानवरों को चारा डालने गई थी। उस समय पंकज चारपाई पर शांत बैठा था और मां मुन्नी देवी बर्तन धुल रही थी।

इसके बाद घर का दरवाजा बंद कर पंकज ने मुन्नी देवी पर ईंट से हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर पड़ोसी बचाने पहुंचे, पर उसने दरवाजा नहीं खोला। सुषमा के पहुंचने पर उसने कहा कि वह काली देवी का पुजारी है। वह मां का इलाज कर रहा है। उसने दरवाजा खोलकर बहन सुषमा को भी अंदर कर लिया और फिर दरवाजा बंद कर दिया। पंकज ने ईंट व सिल-बट्टे से मां के सिर पर कई वार किए। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। इसके बाद वह सुषमा पर हमलावर हो गया। वह भी घायल हो गई। गर्दन दबाने से बेहोश हो गई। ग्रामीणों ने बेलचे से दरवाजे की कुंडी तोड़कर उसे बचा लिया। वह ग्रामीणों पर भी ईंट-पत्थर से हमला करने लगा।
किसी तरह लोगों ने उसे दबोच लिया और रस्सी से बांधकर डाल दिया। पुलिस ने छानबीन की और डॉक्टर की टीम के साथ एंबुलेंस बुलाकर पंकज को सीएचसी भेज दिया। वहां उसे भर्ती कर लिया गया है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने एकत्र किए। शमसाबाद सीएचसी अधीक्षक अलीम अंसारी ने बताया कि पंकज के सिर में चोट लगी है।





