जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। सोमवार यानी आज से यूपी विधानमंडल का बजट सत्र शुरू हो रहा है। बजट सत्र के लिए 20 फरवरी तक का कार्यक्रम जारी किया गया है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के साथ पहले दिन का सत्र प्रारंभ होगा। सदन में 11 विधेयक को मंजूरी के लिए रखे जाएंगे। विधानसभा के बजट सत्र में हंगामे की आशंका प्रबल है। सपा और कांग्रेस मिलकर एसआईटी, कानून व्यवस्था, केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका से किए जा रहे ट्रेड डील को लेकर घेरेगी।

विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार को 11 बजे शुरू होगा। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद अध्यक्षों, अधिसूचनाओं, नियमों आदि को सदन की पटल पर रखा जाएगा। मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही विधायक के निधन पर शोक के बाद स्थगित हो जाएगी। इसके अगले दिन यानी 11 फरवरी को यूपी सरकार का बजट आएगा। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बजट को पेश करेंगे। सरकार की ओर से विरोधी दलों का जवाब देने की पूरी तैयारी की गई है। बजट सत्र में जोरदार हंगामे के आसार हैं। वहीं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बजट सत्र से एक दिन पहले रविवार को विधायकों के साथ बैठक की। उनका कहना है कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील से किसानों पर संकट आएगा।

इसके अलावा बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दलों के नेताओं के साथ बैठक में कहा कि सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का अवसर देने के लिए सदन की कार्यवाही देर शाम तक चलेगी। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में भी ऐसे प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने सभी दलों के नेताओं से सदन में शांति और गरिमा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिस प्रकार पूर्व के सत्रों में सभी का सहयोग रहा वैसा ही इस सत्र में भी रहेगा।





