मांझे से मौत पर हत्या का केस, सीएम योगी ने दिए सख्ती के निर्देश

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से होने वाली मौत को हत्या माना जाएगा। सीएम योगी ने इसके इस्तेमाल और बिक्री दोनों पर रोक को लेकर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। बता दें कि समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने अधिकारियों से पूछा कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में चाइनीज मांझा कैसे उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश भर में विशेष अभियान चला जाए और ऐसे मांझे की बिक्री, भंडारण और सप्लाई करने वालों के विरुद्ध सख्ती से निपटा जाए।

प्रदेश भर में होगी छापेमारी 
सीएम योगी ने कहा कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को अब गंभीर माना जाएगा और जरूरत पड़ने पर ऐसे मामलों को हत्या की श्रेणी में दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही अधिकारियों को जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं। अब लोगों को जागरूक किया जाएगा कि इसका इस्तेमाल मौत का कारण बन रहा है। वहीं इसकी बिक्री पर प्रतिबंध की जानकारी और सजा आदि के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। सीएम ने मांझे की सप्लाई चेन की पहचान कर बड़े स्तर पर छापेमारी और कार्रवाई के निर्देश दिए।

मांझे से गर्दन कटने एमआर की हो गई थी मौत 
आपको बता दें कि 4 फरवरी को लखनऊ में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने की वजह से एमआर की मौत हो गई थी। वह बाइक से जा रहे थे।तभी उनके गले में चाइनीज मांझा फंस गया। खून से लथपथ होकर वह बाइक समेत गिर गए और करीब 10 मिनट तक तड़पते रहे। राहगीरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।