अवैध कब्रिस्तान पर चला बुल्डोजर, विधायक निधि से हुआ था निर्माण

जन प्रवाद ब्यूरो। 
अलीगढ़ । 
उत्तर प्रदेश में अवैध संपत्तियों और सरकारी जमीन पर कब्जे को मुक्ति कराने के लिए बुल्डोजरों की रफ्तार और भी तेज हो गई है। अब अलीगढ़ विकास प्राधिकरण और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में सरकारी जमीन पर बनाए गए कब्रिस्तान को जमींदोज कर दिया गया है। यह कार्रवाई किशनपुर स्थित गोविला गैस एजेंसी के पास हुई है। यहां गाटा संख्या 22 की करोड़ों की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था।

जानकारी के अनुसार यह जमीन प्राधिकरण ने आवासीय योजना के लिए चिन्हित की थी। वर्ष 2013 में सपा शासनकाल में इसे कब्रिस्तान की जमीन बताकर कब्जा किया गया था। खास बात यह है कि इस जमीन पर निर्माण के लिए एमएलसी/एमएलए फंड का प्रयोग किया गया। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ बताई जा रही है। सीएम कार्यालय पर शिकायत के बाद इसका संज्ञान लिया गया। इसके बाद प्रशासन और अलीगढ़ विकास प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।