आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा यात्रियों से भरी बस टकराई, कई घायल

जन प्रवाद ब्यूरो।
नोएडा। आगरा-लखनऊ एकसप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक और बड़ी दुर्घटना हो गई। माइलस्टोन 94.200 के पास यात्रियों को दिल्ली से गोरखपुर लेकर जा रही एक निजी यात्री बस आगे जा रहे वाहन से टकरा गई। इस सड़क हादसे में बस के परखच्चे उड़ गए। बस में सवार 48 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। 


बता दें कि एक निजी बस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी। बस पूरी तरह से भरी हुई थी। यानी बस में 48 लोग सवार थे। 11 फरवरी यानी बुधवार तड़के करीब 3.10 बजे बस जैसे ही करहल थाना क्षेत्र के पास पहुंची तभी अचानक आगे जा रहे एक अज्ञात वाहन से बस टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक धमाके की आवाज सुनाई दी। बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। सूचना पर मौके पर थाना प्रभारी महाराज सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद ट्रैफिक डायवर्ट कर वाहनों का संचालन शुरू कराया। क्षतिग्रस्त हुई बस को घटना स्थल से हटाने के बाद यातायात सुचारु हो सका। फिलहाल, खबर लिखे जाने तक किसी ने तहरीर नहीं दी थी। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।