जन प्रवाद, लखनऊ ब्यूरो।
गोरखपुर क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म एवं स्पा में भेजे जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने अवैध स्पा सेंटरों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। बुधवार को पुलिस ने 30 से अधिक स्पा सेंटरों को लाइसेंस न होने के कारण बंद करवा दिया। पुलिस का यह अभियान अनवरत जारी रहेगा। बंद कराए गए स्पा सेंटरों पर पुलिस की नजर भी रहेगी। पुलिस ने शहर में स्थित होटल संचालकों के साथ बैठक कर नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी भी दी है।

इंस्टाग्राम से हुईथी दोस्ती
बता दें कि गोरखनाथ क्षेत्र इलाके की 13 वर्षीय किशोरी की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए एक किशोर से हो गई थी। उसी के कहने पर किशोरी ने 10 जनवरी को अपना घर छोड़ दिया था। उसका दोस्त उसे पहले होटल में ले गया। वहां जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद कई स्पा सेंटर में रखने के बाद उसे बड़हलगंज के स्पा सेंटर भेज दिया। इस मामले में पुलिस अब तक पांच लोगों के खिलाफ कार्रर्वाई कर चुकी है। वहीं गोरखनाथ इंस्पेक्टर सहित 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मचा हुआ है।






