बिहार में नाव पलटी, 13 बच्चों की मौत राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
पटना। बिहार के वैशाली जनपद के राघोपुर में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में एक नाव पलटने से 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। इसमें ज्यादातर बच्चें व लड़कियां सवार थीं। बताया जा रहा है कि छोटी नाव पर 20 से 25 लोग सवार थे। सभी मत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है।

जिलाधिकारी वर्षा सिंह के अनुसार हादसा रात करीब 8:30 बजे राघोपुर थाना क्षेत्र में हुआ। यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर है। नाव पर 15 से 20 लोग सवार थे, जिनमें ज्यादातर बच्चे थे। हालांकि, नाव में सवार लोगों की सही संख्या का पता अभी नहीं चल पाया है।


राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
बिहार के नाव हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिलने की कामना की। राष्ट्रपति ने कहा कि वैशाली में हुई नाव दुर्घटना में बच्चों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोक में डूबे परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही, हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। वहीं, पीएम मोदी ने भी शोक जताया। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय  के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता मिलेगी।


पीएमओ ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर वैशाली में नाव पलटने की घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रहा है।