जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज भारतीय जनता पार्टी का घोषणा पत्र जारी कर दिया। उन्होंने इस घोषणा पत्र को ‘संकल्प पत्र’ नाम दिया है। घोषणा पत्र में पश्चिम बंगाल की जनता के लिए कई वादे किए गए हैं। इस दौरान अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में 15 साल से टीएमसी का शासन किसी बुरे सपने की तरह था। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र बंगाल के युवाओं और महिलाओं को नई दिशा देगा।

छह माह के अंदर यूसीसी का वादा
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की जनता से वादा किया कि अगर यहां भाजपा की सरकार बनती है तो छह माह के अंदर समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी लागू कर दिया जाएगा। साथ ही सरकारी कर्मचारियों के लिए कहा कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो यहां सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा। इसके अलावा उत्तर बंगाल में आईआईटी, आईआईएम, एम्स और फैशन टेक्नोलॉजी इंस्टिट्यूट बनाया जाएगा।

महिलाओं व बेरोजगारों को प्रति माह तीन-तीन हजार
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में पश्चिम बंगाल के बेरोजगार युवाओं को प्रति माह 3000 रुपये आर्थिक सहायता देने का वादा किया। इसके अलावा महिलाओं के खातों में प्रति माह एक से 5 तारीख तक 3000 रुपये जमा कर दिए जाएंगे। यही नहीं उन्होंने सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देने का भी ऐलान किया। अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने लक्ष्मी भंडार योजना के तहत तृणमूल कांग्रेस सरकार को दिए जा रहे 1500 रुपये की धनराशि को बढ़ाकर सीधा डबल यानी 3000 कर दिए जाएंगे।

घुसपैठ और गौ तस्करी पर लगेगी रोक
यूसीसी पर उन्होंने कहा कि भाजपा शासित कई राज्यों में यूसीसी को लागू कर दिया गया है। अगर पश्चिम बंगाल में सरकार बनती है तो छह माह के अंदर यूसीसी लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां गौ तस्करी और घुसपैठ पर पूरी तरह से रोक लगेगी। घुसपैठियों की पहले पहचान की जाएगी इसके बाद उन्हें देश से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। साथ ही सीमा क्षेत्र से मवेशियों की तस्करी होती है उस पर ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों के लिए ऐसा इंतजाम करेंगे कि यहां किसी भी तरह घुसपैठ न कर सके। साथ ही गायों की जो तस्करी की जाती है उस पर पूरी तरह से रोक लगा दी जाएगी।





