जन प्रवाद, ब्यूरो। नोएडा। बिजनौर के नजीबाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवंश कटान से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को मौके से पकड़ा गया, जबकि अन्य की गिरफ्तारी बाद में की गई। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, पशु कटान के उपकरण और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
जनपद बिजनौर के पुलिस के अनुसार 27 मार्च को नजीबाबाद के सेंट मेरी चर्च के पीछे कच्चे रास्ते पर गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। इस मामले में थाना नजीबाबाद में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस लगातार क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी क्रम में 28 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि जाफराबाद के जंगल क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति जा रहे हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से एक आरोपी नदीम उर्फ गुड्डू कुरैशी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसे और उसके साथी हसीन उर्फ चुन्ना को गिरफ्तार कर लिया। 
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य आरोपियों आमिर पुत्र कालू निवासी अकबराबाद और शहजाद उर्फ युसुफ निवासी नगीना को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आवारा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर उनका कटान करते थे और मांस को विभिन्न स्थानों पर बेचते थे। घटना की रात भी चारों आरोपी शराब पीने के बाद नवीन मंडी क्षेत्र पहुंचे थे। जहां एक आवारा गाय को पकड़कर जंगल में ले जाकर काटा गया। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी अवशेष फेंककर भागने लगे थे।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, खोखा कारतूस, पशु कटान के उपकरण एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बाबत एसपी सिटी डॉक्टर कृष्ण गोपाल ने विस्तृत जानकारी दी है।
बाइट : डॉ. कृष्ण गोपाल, एसपी सिटी
मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार
29-Mar-2026





