जन प्रवाद, ब्यूरो।
बिजनौर। यूपी के बिजनौर में थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव सालमाबाद में एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब भात देने आए लोगों पर कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से पथराव कर दिया गया। पीड़ित पक्ष ने फायरिंग का भी आरोप लगाया है। घटना में दो मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं और एक महिला घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आपको बता दें थाना कोतवाली शहर के अंतर्गत आने वाले ग्राम सालमाबाद में शशिबाला पत्नी परमले के घर शादी समारोह चल रहा था। बताया जा रहा है कि ग्राम भगेन से भात देने के लिए रिश्तेदार और अन्य लोग सालमाबाद पहुंचे थे। आरोप है कि गांव के एक मकान के पास पहुंचते ही कुछ युवकों ने भातियों पर अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। पथराव में दो मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक महिला घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों का दावा है कि आरोपियों ने फायरिंग भी की। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की जानकारी डायल 112 पर दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फायरिंग के आरोपों की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
शादी समारोह के दौरान पत्थरबाजी महिला घायल, कई बाइक क्षतिग्रस्त
24-Jun-2026





