नालंदा के शीतला माता मंदिर में बड़ा हादसा : भगदड़ में आठ महिलाओं की मौत

बिहारशरीफ, एजेंसी। बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ से बुरी खबर सामने आ गई। बिहार शरीफ स्थित मघड़ा स्थित माता शीतला माता के मंदिर में मंगलवार को भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। अचानक मची इस भगदड़ में आठ महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि छह से लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल, बिहार शरीफ में भर्ती कराया गया है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। मरने वालों की पहचान नालंदा निवासी दयावंती देवी, मालो देवी, किरता देवी, रीता देवी, आशा देवी, रेखा देवी के रूप में हुई है। तीन अन्य की पहचान की जा रही है। बिहार के नालंदा जिले में शीतला माता मंदिर में मंगलवार को भगदड़ मचने से कम से कम आठ महिलाओं की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव स्थित इस प्राचीन मंदिर में हुई घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
राहत एवं बचाव कार्य जारी

बिहारशरीफ के सहायक पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने संवाददाताओं से कहा, मंगलवार सुबह शीतला माता मंदिर में भगदड़ मचने से कम से कम आठ महिलाओं की मौत हो गई। पुलिसकर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। भगदड़ के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, चैत माह का अंतिम मंगलवार होने के कारण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर अचानक अफवाह फैली और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई। भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े। भागदौड़ में लोग एक-दूसरे पर चढ़ते चले गए। कुछ देर बाद जब भीड़ नियंत्रित हुई तो कुचल कर मरने वालों के शव निकलने शुरू हुए। नौ शवों को घटनास्थल से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने छह लाख रुपये देने का किया एलान

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा जिले के बिहार शरीफ स्थित शीतला देवी मंदिर में हुये भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है और मैं इससे मर्माहत हूं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से चार-चार लाख रुपए एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये (कुल छह लाख रुपए) अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गये हैं तथा राहत एंव बचाव कार्य में जुटे हुये है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुये लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनकी समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है।

विधानसभा अध्यक्ष ने क्या कहा जानिए

बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने नालंदा के मां शीतला मंदिर में पूजा के दौरान मची भगदड़ की घटना पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि मैं इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस दु:ख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।