बरेली में डबल मर्डर करने का आरोपी ढेर

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। यूपी के बरेली में साले और सास की हत्या करने वाले शातिर अपराधी अफसर खां को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर मुठभेड़ में ढ़ेर कर दिया। सोमवार को पंचायत के दौरान अफसर खां ने अपनी सास और साले पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। वहीं हमले में पत्नी भी घायल हो गई थी जिसे आईटीसी में भर्ती कराया गया। 
पूर्व में भी कर चुका था मामा की हत्या
बताया जा रहा है कि इस घटना से पहले भी मामी से अवैध संबंधों में के कारण मामा की हत्या कर चुका था। इसके बाद अपनी ही चचेरी बहन से जबरन शादी की थी। पत्नी से काफी दिनों से अनबन चल रही थी। सोमवार को इसी वजह से पंचायत हो रही थी। पंचायत के दौरान ही उसने बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला।
बता दें कि मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि वह तड़के ही शहर छोड़ने की फिराक में है और सहारा ग्राउंड के पास छिपा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखकर उसने उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास करने लगा। अपने बचाव में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान अफसर खां को गोली लग गई जिससे वह घायल हो गया। घायलावस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
बता दें इस घटना के बाद से आसपास के लोग डरे और सहमे हुए थे। दोहरे हत्याकांड के बाद आरोपी को ढेर करने के बाद जहां पुलिस ने राहत की सांस ली वहीं लोगों में भी राहत भरी सांस ली।  एसएसपी ने बताया कि जघन्य अपराध करने वाले अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। 


खूनी संघर्ष में कैसे तब्दील हुई पंचायत
बता दें कि सोमवार को इज्जतनगर के रहपुरा चौधरी गांव में एक आपसी विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत का आयोजन किया गया था। पंचायत अफसर खां और उसकी पत्नी सायमा को लेकर हो रही थी। इनका आपस में लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। बता दें कि उसकी पत्नी सायमा उसकी सगी चचेरी बहन थी। उसने जबरन उससे निकाह किया था। सोमवार को जब समझौते की बात चल रही थी, तभी अचानक तेजी में आकर अफसर खां ने चाकू निकाल लिया और अपनी सास आसमा और साले आदिल पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमले में सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी सायमा गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना को अंजाम देकर अफसर वहां से फरार हो गया था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम करवाया था। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को ढेर कर दिया जिससे मृतक के परिजनों ने राहत की सांस ली।