सो रहे परिवार को डम्पर ने रौंदा, चार की मौत

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शनिवार को एक ऐसी दर्दनाक घटना हुई, जिससे सभी को झकझोर कर रख दिया है। भीषण गर्मी और बिजली नहीं होने के कारण एक परिवार रात में अपने घर के बाहर सो रहा था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि आज उनकी अंतिम रात होगी। तेज रफ्तार डंपर ने सो रहे परिवार को रौंद दिया। इस घटना में पिता और तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। जबकि मां जिंदगी ओर मौत के बीच जंग लड़ रही है। 
यह दर्दनाक हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग पर झांसा गांव में शनिवार तड़के करीब दो बजे हुआ। गांव में देर रात बिजली चली गई थी। भीषण गर्मी की वजह से 35 वर्षीय नीरज अपनी पत्नी आरती और तीन बच्चों के साथ घर के बाहर सो रहे थे। तभी तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया फिर सीधे परिवार के ऊपर चढ़ गया। यह हादसा इतना भयाभय था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक सब खत्म हो चुका था। हादसे में नीरज और उनके 13 वर्षीय बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 10 वर्षीय अंशिका अौिर 6 वर्षीय आंशू को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं नीरज की पत्नी आरती गंभीर रूप से घायल है। उन्हें लखनऊ के लोहिया अस्पताल में रेफर किया गया है। 


ग्रामीणों के अनुसार नीरज किराए पर मैजिक लेकर चलाकर अपने परिवार को पालते थे। उनकी आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए दिन रात मेहनत करते थे। एक ही परिवार में पूरा परिवार उजड़ गया। हादसे के बाद से गांव में मातम छाया हुआ है। इस हादसे के बारे में जिसे भी जानकारी मिल रही है सभी को आंखें नम हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात करीब दो बजे अचानक तेज आवाज आई इसके बाद चीख-पुकार सुनाई दी। गांव के लोग भागकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक डम्पर पहले पेड़ से टकराया उसके बाद पूरे परिवार को कुलचता हुआ निकल गया। मौके खून बिखरा पड़ा था।