बांग्लादेश में हुआ दर्दनाक हादसा, यात्रियों से भरी बस नदी में गिरी, 24 लोगों की मौत

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: बांग्लादेश में एक बड़ा हादसा हो गया है। एक बस परिवहन नौका पर चढ़ने की कोशिश के दौरान नदी में जा गिरी। बस में 40 यात्री सवार थे जिसमें से 24 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बस दक्षिण-पश्चिमी राजबारी जिले में दौलाडिया टर्मिनल पर बुधवार शाम करीब सवा पांच बजे पद्मा नदी में गिर गई। ढाका जा रही इस बस में बच्चों समेत करीब 40 यात्री सवार थे और उनमें से अधिकतर ईद की छुट्टियां मनाकर राजधानी लौट रहे थे। स्थानीय अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार 24 शव बरामद किए गए हैं। बस के अंदर से 11 महिलाओं, छह पुरुषों और पांच बच्चों समेत 22 लोगों के शव मिले।

दमकल सेवा के अधिकारी सोहेल राणा ने घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा कि हमजा (बचाव पोत) ने क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि गोताखोरों ने इससे पहले दो महिलाओं के शव बरामद किए थे और शेष 22 शव खराब मौसम के बीच छह घंटे के प्रयास के बाद बस को नदी से बाहर निकाले जाने पर बुधवार मध्यरात्रि के करीब मिले। दमकल सेवा और तटरक्षक बल के गोताखोर सेना और पुलिस की मदद से लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। राजबारी जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बचाव अभियान की जानकारी लेने के लिए उनसे फोन पर बात की और हादसे की जांच के आदेश दिए।

 पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने पहले बताया था कि करीब 11 यात्री तैरकर किनारे पहुंचने में सफल रहे या उन्हें बचा लिया गया। टर्मिनल के पर्यवेक्षक मोनिर हुसैन ने कहा, ‘‘जब बस पंटून (जलाशय में तैरता पुल) से नौका की ओर बढ़ रही थी तभी एक छोटी सहायक नौका पंटून से टकरा गई और बस चालक के स्टेयरिंग पर से नियंत्रण खो देने के कारण बस नदी में जा गिरी। बस हमारी आंखों के सामने नदी में गिर गई और हम कुछ नहीं कर सके। यात्रियों में से कई एक ही परिवार के सदस्य थे और उनमें से कई लोग बाहर खड़े होने के कारण बच गए लेकिन उनके रिश्तेदार बस के भीतर थे जिस कारण वे डूब गए।