जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। सोमवार को नोएडा प्राधिकरण की हुई 222वीं बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसमें स्पोर्ट्स सिटी के चार भूखंडों की 84 परियोजनाओं में काम शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही रजिस्ट्री भी होना शुरू हो जाएंगी। प्राधिकरण के इस निर्णय से 40 हजार से ज्यादा बॉयर्स को फ्लैट मिलने की उम्मीद जाग गई है। रजिस्ट्री के लिए बॉयर्स को पहले बकाया भुगतान करना होगा।

प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि स्पोर्ट्स सिटी की जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा है साथ ही खेल सुविधाएं भी पूरी हैं ऐसे बिल्डरों को बकाया भुगतान के लिए समय दिया जाएगा। यह समय दो से तीन साल हो सकता है। फिलहाल, बिल्डरों को कुल बकाया राशि की 20 प्रतिशत धनराशि देनी होगी, जबकि शेष धनराशि दो से तीन सालों में भुगतान करनी होगी। इसके बाद रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू होगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संशोधित ले आउट प्लान उन्हीं बिल्डरों का मंजूर किया जाएगा जो खेल सुविधाएं विकसित करने की पूरी योजना बताएंगे। खेल सुविधाएं विकसित होने पर ही अधिभोग प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। स्पोर्ट्स सिटी से जुड़े मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में 8 अप्रैल यानी बुधवार को होगी।

इस वजह से लगी थी रोक
बता दें कि सेक्टर-150 के एससी 02 भूखंड का जो संशोधित ले आउटपलान मंजूर किया गया है उनमें 70 प्रतिशत लैंड को ग्रीन बेल्ट के लिए छोड़ा जाएगा। सिर्फ 30 प्रतिशत हिस्से पर निर्माण कार्य होगा। बता दें कि वर्ष 2021 में स्पोर्ट्स सिटी से जुड़े निर्माण कार्य की मंजूरी देने पर रोक इस वजह से लगाई गई थी कि क्योंकि बिल्डरों ने खेल सुविधाओं को विकसित नहीं किया था। आवंटन की शर्तों के अनुसार फ्लैट और व्यावसायिक निर्माण से पूर्व खेल सुविधाएं विकसित करनी थीं। लेकिन, बिल्डरों ने ऐसा नहीं किया था इसी वजह से इस पर रोक लगा दी गई थी। इसके साथ ही सीएजी ने जांच में स्पोर्ट्स सिटी में करीब 10 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का भी आरोप लगाया है।

ग्रुप हाउसिंग के लिए होगी इतनी जमीन
बोर्ड बैठक में सेक्टर-150 के एससी02 को मंजूरी दे दी गई है। यहां कुल 13 लाख 29 हजार वर्ग मीटर के करीब जमीन है। इसमें से 3 लाख 91 हजार वर्ग मीटर जमीन पर ग्रुप हाउसिंग के तहत फ्लैट बनाए जाएंगे। अब बिल्डर निर्माण से पहले नक्शे की मंजूरी करवाएंगे इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर की बनेंगी खेल सुविधाएं
बता दें कि यहां पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित होंगी। इस जमीन पर क्रिकेट स्टेडियम से लेकर, गोल्फ कोर्स, टेनिस सेंटर, स्वीमिंग ट्रैक, पार्क के साथ ही स्कूल व अस्पताल शामिल हैं। आवंटन की शर्तों के अनुसार तीन साल में खेल सुविधाएं तैयार करनी होंगी। इसके बाद ही अन्य निर्माण कार्य किए जा सकेंगे।





