जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। जिला कृषि रक्षा अधिकारी गौतमबुद्धनगर विवेक दुबे ने जनपद के समस्त कृषकों को अवगत बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान-2026 के तृतीय चरण के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक जनपद के तीन विकास खंडों की कुल 82 ग्राम पंचायतों में चूहा-छछूंदर नियंत्रण के संबंध में जन जागरूकता गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गोष्ठियों के माध्यम से कृषकों को चूहा एवं छछूंदर से होने वाले रोगों की रोकथाम तथा इनके नियंत्रण के प्रभावी उपायों के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि संचारी रोगों के प्रसार में अन्य कारकों के साथ-साथ चूहा एवं छछूंदर भी उत्तरदायी हो सकते हैं। इसके दृष्टिगत कृषि विभाग द्वारा इनके नियंत्रण के लिए व्यापक जागरूकता एवं नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कृषकों से आवासीय घरों तथा उनके आसपास के क्षेत्रों को चूहा एवं छछूंदर से मुक्त रखने, झाड़ियों, कूड़े-कचरे तथा अन्य स्थानों पर बने बिलों की नियमित निगरानी एवं साफ-सफाई करने की अपील की।
कृषकों को चूहा नियंत्रण के लिए विभाग की ओर से अनुमोदित रसायनों एवं चारे का प्रयोग निर्धारित सावधानियों तथा विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार करने की जानकारी दी गई। विशेष रूप से यह बताया गया कि रसायनों का प्रयोग करते समय बच्चों एवं पशुओं की सुरक्षा का ध्यान रखें तथा निर्धारित मात्रा, विधि एवं सावधानियों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
चूहा नियंत्रण के लिए किसानों को छह दिवसीय प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रथम दिन घरों एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर चूहों के सक्रिय बिलों को चिन्हित करने, दूसरे एवं तीसरे दिन खुले बिलों की पहचान कर बिना विष वाला चारा रखने तथा चौथे दिन विभागीय निर्देशानुसार अनुमोदित विषाक्त चारे का प्रयोग करने की जानकारी दी गई। पांचवें दिन बिलों का निरीक्षण कर मृत चूहों का सुरक्षित निस्तारण तथा छठे दिन बिलों को पुन: बंद करने की प्रक्रिया के संबंध में किसानों को जागरूक किया गया। इसके बाद भी यदि बिल खुले पाए जाते हैं तो निर्धारित प्रक्रिया दोहराने की जानकारी दी गई।

जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान कृषकों को चूहा एवं छछूंदर नियंत्रण में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के साथ-साथ संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता एवं आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा जनपद के सभी संबंधित ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से कृषकों को जागरूक किया जा रहा है।





