दिल्ली-एनसीआर में टैक्सी हड़ताल, तीन दिनों तक बढ़ सकती है परेशानी

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में आज से ऑटो टैक्सी की हड़ताल शुरू हो गई है। नोएडा सहित पूरे एनसीआर में तीन दिनों से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, ओला-ऊबर और रैपिडो की सर्विस फिलहाल जारी है। वहीं यह भी पता चला है कि कुछ यूनियनों ने हड़ताल से दूरी बना ली है। 21 मई से लेकर 23 मई तक हड़ताल का ऐलान किया गया था। 


बता दें कि ट्रांसपोर्ट संगठन एआईएमटीसी ने दिल्ली में कॉमर्शियल वाहनों पर बढ़ाए गए पर्यावरण क्षतिपूर्ति अधिभार और बीएस-4 या उससे पुराने वाहनों पर प्रस्तावित प्रतिबंधों के विरोध में हड़ताल की है। एआईएमटीसी का कहना है कि इन नीतिगत फैसलों का परिवहन क्षेत्र और इससे जुड़े लोगों की आजीविका पर असर पड़ेगा। संगठन का दावा है कि ईसीसी सभी वाहनों पर समान रूप से लगाया जा रहा है, जिसमें बीएस-4 और आवश्यक वस्तुएं ढोने वाले वाहन भी शामिल हैं।


हालांकि, ओला, ऊबर और रैपिडो जैसी ऐप बेस्ड टैक्सी सर्विस कंपनियों ने हड़ताल का समर्थन नहीं किया है। एआईएमटीसी की मांगों से सहमत कुछ चालक स्वेच्छा से काम बंद रख सकते हैं। लेकिन, कंपनी ने सर्विस चालू रखी है। सोमवार सुबह 9 बजे तक बिना किसी परेशानी के कैब बुक हो रही थी।