जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों का प्रचार अपने चरम पर है। इन सभी के बीच असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के चुनाव प्रचार करने का अंदाज चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रचार के दौरान कभी वे डांस करते नजर आ रहे हैं तो कभी विरोधियों पर सख्त हमला करते दिख रहे हैं। इसी क्रम में उनका पवन खेड़ा को पेडा बना दूंगा और राहुल गांधी पर दिया गया बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।
असम विधानसभा चुनाव को लेकर चढ़ा सियासी पारा
असम विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। असम सीएम पर कांग्रेस के आरोपों के बाद अब हिमंता बिस्वा सरमा ने पवन खेड़ा पर पलटवार किया है। मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम सरमा ने कहा कि मैं और एक एक्शन लेने जा रहा हूं, मैं पवन खेड़ा को पवन पेड़ा, बना दूंगा, कुछ दिन इंतजार कीजिए। बता दें कि पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने प्रेस कांफ्रेंस कर हिमंता और उनकी पत्नी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया था कि सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां के पास यूएई, मिस्र और एंटीगुआ और बारबुडा के पासपोर्ट हैं। दुबई में उनकी संपत्तियां हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनका अमेरिका के व्योमिंग राज्य में स्थित एक कंपनी से संबंध है। उनके पास ऐसी विदेशी संपत्तियां हैं जिनका खुलासा नहीं किया गया है। इन सभी का जिक्र चुनावी हलफनामों में नहीं है।
पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस
अब पवन खेड़ा असम के मुख्यमंत्री की पत्नी पर आरोप लगाने के बाद मुश्किल में घिरते नजर आ रहे हैं। खबरों के अनुसार पवन खेड़ा के घर असम पुलिस पहुंची है। निजामउद्दीन ईस्ट में पवन खेड़ा के घर पर असम पुलिस की करीब 4 लोगों की टीम आई। दिल्ली पुलिस इस टीम का सहयोग कर रही है। कहा जा रहा है कि उनके आरोप भरे बयान के सिलसिले में उनसे पूछताछ की जाएगी। इससे पहले सीएम हिमंता ने कहा था कि वह पवन खेड़ा को पवन पेड़ा बना देंगे। यानी खेड़ा को पेड़ा बनाने का काम शुरू हो गया है।
डांस करते दिखे असम सीएम
दूसरी ओर चुनाव प्रचार के दौरान असम सीएम का अलग अंदाज दिख रहा है। यह लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। वे बोंगाईगांव में चुनावी रैली के दौरान बीजेपी के उम्मीदवारों और नेताओं के साथ पार्टी के चुनावी गाने पर थिरकते नजर आए। माहौल काफी उत्साह भरा दिखा और समर्थक भी जोश में नजर आए। इसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि सीएम ताली बजाकर और हाथ उठाकर डांस कर रहे हैं। इसके बाद वे भीड़ में मौजूद लोगों से हाथ भी मिलाते नजर आ रहे हैं।





