जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। पांच राज्यों का शंखनाद होते ही सभी पार्टियां पूरी तरह से सक्रिय हैं। मंगलवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने बीजेपी का चुनावी घोषाणपत्र जारी कर दिया। इसमें पार्टी ने वादा किया कि भाजपा के फिर से सत्ता में आने पर प्रदेश में पांच लाख करोड़ के निवेश के साथ ही जमीन जिहाद पर रोक लगाई जाएगी।

बता दें कि गुवाहाटी स्थित असम बीजेपी के कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस घोषणापत्र को पार्टी ने संकल्प पत्र नाम दिया। बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में असम में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और दो लाख नौकरियां देने का भी वादा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने स्पष्ट किया कि छठी अनुसूची में शामिल क्षेत्रों के साथ ही अनुसूचित जनजाति के क्षेत्रों को इससे बाहर रखा जाएगा। लव जिहाद के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और असम को बाढ़ मुक्त प्रदेश बनाने की दिशा में भी गंभीर प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सरकार गठन के बाद शुरुआती दो वर्ष में बाढ़मुक्त असम के निर्माण के लिए 18 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बता दें कि असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचोरी में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसको लेकर भाजपा, कांग्रेस सहित सभी क्षेत्रीय दल चुनावी प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। साथ ही चुनाव जीतने के लिए मतदाताओं से लोक लुभावने वादे भी कर रहे हैं।





