470 खेल प्रतिभाओं को नियुक्ति पत्र, प्रदेभर में बन रहे हैं खेल के मैदान : योगी

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के अंतर्गत चयनित 470 खेल प्रतिभाओं को नियुक्ति-पत्र वितरण किए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित पुलिस कर्मियों को संबोधित किया और नवचयनित खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे अपनी प्रैक्टिस, परिश्रम और प्रयास निरंतर जारी रखें। भारत आपका इंतजार कर रहा है। 

सीएम योगी ने कहा कि 64 हजार हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर आज उत्तर प्रदेश में गांव से लेकर प्रदेश स्तर तक खेल के मैदान, मिनी स्टेडियम, स्टेडियम और इंटरनेशनल स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। हर कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज और उनमें कल्चर आॅफ एक्सीलेंस स्थापित किए जा रहे हैं, जहां खिलाड़ियों को इंटरनेशनल स्टेंडर्ड की प्रैक्टिस, बेहतर कोचिंग और आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। आज उत्तर प्रदेश के पास अपनी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं देकर उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य है। 

सीएम योगी ने कहा कि अब तक हमारे जिन कुशल खिलाड़ियों ने ओलंपिक और अन्य प्रतियोगिताओं में प्रदेश के लिए मेडल जीते हैं, उन्हें प्रोत्साहन के रूप में 200 करोड़ से अधिक की राशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि युवा साथियों, आज जो नियुक्ति-पत्र आपको प्राप्त हो रहा है, यह न सरकार की कृपा है, न अनुकंपा है, यह आपके पसीने का परिश्रम है और उस परिश्रम की कीमत आज आपको उपलब्ध कराई जा रही है। उत्तर प्रदेश पुलिस बल का आज हिस्सा बनने वाले सभी 470 युवा खिलाड़ियों को हृदय से बधाई। सीएम योगी ने कहा कि इस नियुक्ति पत्र के साथ आपकी जर्सी से वर्दी तक की यात्रा प्रारंभ हुई है। जर्सी में रहते हुए आपने जो कार्य किया और जो परिणाम दिए, सरकार को आपसे वर्दी में भी उसी प्रकार के प्रदर्शन की अपेक्षा है।