जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। ग्रेटर नोएडा से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शादी के महज 14 महीने बाद ही एक और हंसती-खेलती बेटी दहेज के लालच की भेंट चढ़ गई। मामला ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव का है, जहां 24 वर्षीय विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मायके वालों का आरोप है कि दीपिका की बेरहमी से हत्या की गई है, जबकि पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।

बता दें कि गांव कूड़ी खेड़ा के रहने वाले संजय नागर ने अपनी बेटी दीपिका की शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा गांव के ऋतिक के साथ बड़े ही धूमधाम से की थी। परिजनों का कहना है कि शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन ससुराल पक्ष लगातार दीपिका पर मायके से फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बना रहे थे। इसके लिए दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका की मां कहना है कि दीपिका फोन पर कई बार अपनी प्रताड़ना का जिक्र कर चुकी थी, लेकिन समाज और लोक-लाज के डर से वह सब कुछ सहती रही।

रविवार को यह प्रताड़ना अपने खौफनाक अंजाम तक पहुंच गई। परिजनों का आरोप है कि दीपिका की हत्या करने के बाद ससुराल वाले उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। जब मायके वाले अस्पताल पहुंचे तो दीपिका मृत अवस्था में मिली और उसके शरीर पर चोटों के कई गंभीर निशान थे। इसी वजह से परिवार इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि सीधे तौर पर सोची-समझी हत्या करार दे रहा है।
वहीं इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला दहेज उत्पीड़न से तंग आकर छत से कूदकर आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।





