जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां अचानक आए कुत्ते को बचाने के चलते तीन वाहन आपस में ही टकरा गए। इस हसदे में पंजाब के रहने वाले पिता व उसकी पुत्री की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। 7 घायलों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। शेष सभी घायल गंतव्य की ओर रवाना हो गए। मृतकों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बता दें कि पंजाब के मोहाली जनपद के गांव ढकौली निवासी लक्ष्मण सिंह परिवार के अन्य नौ सदस्यों के साथ बरेली के मनोना धाम दर्शन कर टाटा मैजिक से घर वापस आ रहे थे। मैजिक पर सवार लक्ष्मण के बेटे राहुल के अनुसार रविवार तड़के साढ़े तीन बजे उझारी बुरावली के बीच गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंचे तभी अचानक कुत्ता आगे आ गया। उसको बचाने के चलते मैजिक पलट गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को मैजिक को सीधा कर घायलों को बाहर निकाला। इस दौरान पीछे से आ रहे तेज गति टैंपो ट्रेवलर ने मैजिक में टक्कर मार दी। हादसे में टाटा मैजिक में सवार 65 वर्षीय लक्ष्मण सिंह व उसकी 22 वर्षीय बेटी आशू की मौत हो गई। लक्ष्मण की पत्नी सरिता, बेटा दीपक व राहुल, बेटी दीपिका व उसकी 5 वर्षीय बेटी परी, 4 वर्षीय खुशप्रीत व 3 वर्षीय बेटा नैतिक घायल हो गए।
घायलों को शीघ्र सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके अलावा टैंपो ट्रैवलर सवार मध्य प्रदेश के जिला झाबुआ के रानापुर गांव निवासी 24 यात्रियों में चार महिला घायल हो गईं । सभी लोग मध्य प्रदेश से हरिद्वार जा रहे थे।बताया जा रहा है कि बचाव कार्य चल रहा था इसी दौरान पीछे से आ रही कार के चालक ने सामने भीड़ देखकर अचानक ब्रेक मार दिए जिससे कार पलट गई। कार सवार बिहार के मोतिहारी निवासी मोहम्मद हुसैन व उनकी बेटी निशा घायल हो गए।





