मुंबई, एजेंसी। फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी से अभिनय जगत में अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अंजलि आनंद का कहना है कि शुरूआत में उन्हें फिल्मों में उनकी प्रतिभा के बजाय शारीरिक बनावट के कारण चुना गया। अंजलि आनंद ने अभिनय जगत में अपने करियर की शुरूआत सीरीज 'अनटैग' से की। इसके बाद उन्होंने 'ढाई किलो प्रेम' सहित कई टेलीविजन धारावाहिकों में काम किया, जहां उन्हें अक्सर अधिक वजन वाली महिला के किरदार दिए गए और उनकी शारीरिक बनावट को कई बार हास्य का माध्यम बनाया गया। करण जौहर के निर्देशन में 2023 में बनी फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में अंजलि आनंद ने रणवीर सिंह की छोटी बहन गायत्री 'गोलू' रंधावा की भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा, मुझे जो भी अवसर मिले, उनमें पहले मुझे मेरी शारीरिक बनावट की वजह से चुना गया। उसके बाद लोगों ने देखा कि मैं अभिनय के लिहाज से भी बहुत कुछ कर सकती हूं, तब जाकर निमार्ताओं ने मुझे अलग तरह की भूमिकाएं देनी शुरू कीं। अंजलि आनंद ने 'पीटीआई-भाषा' के साथ एक साक्षात्कार में कहा, 'अनटैग' मेरा पहला किरदार था और मुझे वह मेरी शारीरिक बनावट की वजह से मिला था। बाद में मुझे 'रात जवान है' और 'डब्बा कार्टेल' में बेहतर भूमिकाएं मिलीं। आनंद धमाल 4 फिल्म में भी नजर आएंगी। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी फिल्म 'धमाल 4' में अजय देवगन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में रितेश देशमुख, अरशद वारसी, संजय मिश्रा, संजीदा शेख, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन सहित अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म 'धमाल 4' शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





