दो साल के मासूम की टैंक में डूबकर मौत, प्लॉट मालिक पर लापरवाही का आरोप

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
अमरोहा। अमरोहा के गजरौला से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां मोहल्ला पश्चिमी सुल्तान नगर में खेलते हुए 2 साल के मासूम की पानी के टैंक में गिरकर मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। देखिए, अमरोहा से हमारे संवाददाता कपिल चावला की खास रिपोर्ट

गजरौला के मोहल्ला पश्चिमी सुल्तान नगर में 2 साल का मासूम मोहम्मद शहजान पुत्र शाहरुख घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पास के एक खाली प्लॉट में पहुंच गया, जहां पहले से एक खुला पानी का टैंक बना हुआ था। बरसात के कारण टैंक में पानी भरा हुआ था। खेलते हुए अचानक मासूम उस टैंक में गिर गया। जब काफी देर तक बच्चा नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उनकी नजर टैंक में पड़ी, जहां बच्चा पानी में था। 

परिजन तुरंत बच्चे को निकालकर वेंक्टेश्वरा यूनिवर्सिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि खाली प्लॉट में बना टैंक लंबे समय से खुला पड़ा था। उन्होंने कई बार प्लॉट मालिक से ढक्कन लगाने के लिए कहा था, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस हादसे के बाद लोगों में आक्रोश है।