जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। अमरोहा में रामडोल शोभायात्रा के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन को लेकर ई-रिक्शा चालक से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे में धुत एलआईसी कर्मचारी ने ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट की और उसकी दाढ़ी पकड़कर खींची। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों और ट्रैफिक पुलिस ने किसी तरह चालक को आरोपी से छुड़ाया। वहीं, कार्रवाई नहीं होने के आरोप को लेकर लोगों में रोष है। पूरा मामला अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के बंबूगढ़ चौराहे का बताया जा रहा है।
अमरोहा के बंबूगढ़ चौराहे पर रामडोल शोभायात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था के लिए डायवर्जन किया गया था। इसी दौरान ई-रिक्शा को आगे जाने से रोकने को लेकर चालक और एक एलआईसी कर्मचारी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि एलआईसी कर्मचारी नशे की हालत में था और उसने ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने चालक की दाढ़ी पकड़कर खींची और उसके साथ अभद्रता की।
मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लोगों की भीड़ के बीच ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट करते हुए व्यक्ति नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर चालक को छुड़ाया। घटना के बाद लोगों में पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। हालांकि, पूरे मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। मामला अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के बंबूगढ़ चौराहे का है।





