जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान युद्ध अनवरत जारी है। सोमवार यानी 23 मार्च को युद्ध का 24वां दिन है। ताजा खबर के मुताबिक अमेरिका में ईजरायली राजदूत येचियान लीटर ने बड़ा ऐलान कर दिया है। उनका कहना है कि उनका देश तब तक सैन्य आॅपरेशन जारी रखेगा जब तक ईरान घुटनों के बल पर आ जाता। उन्होंने कहा कि इजरायल ऐसे देश के साथ बिल्कुल नहीं रह सकता है जो हमेशा उसे खत्म करने की बात करता हो और मिसाइल हमले कर रहा हो। इसकेजवाब में ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान का कहना है कि हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। अगर ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाने बनाने की कोशिश की गई तो वह होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर देगा जिससे वैश्विक तेल सप्लाई पर बुरा असर पड़ेगा।

सीजफायर पर भी चर्चा संभव :
एक्सियोज न्यूज के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की टीम ईरान के साथ सीजफायर पर बात करना चाहती है। इसके लिए डोनाल्ड ट्रम्प के सलाहकार जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ भी टीम में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ईरान ने सीज फायर से पहले कई शर्तें रख दी हैं। उसके अनुसार वार्ता से पूर्व जंग बंद होनी चाहिए। साथ ही ईरान को जो भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई यानी मुआवजा दिया जाए। साथ ही भविष्य में उस पर फिर से अमेरिका और इजरायल कभी हमला नहीं करेंगे इसकी पक्की गारंटी लेनी होगी।

सभी शर्तें नहीं मानेगा अमेरिका :
वहीं बात अगर ट्रम्प की करें तो उन्होंने साफ कर दिया है कि वे ईरान की सभी शर्तों को मानने के लिए तैयार नहीं हैं। बता दें कि फिलहाल, अमेरिका और ईरान के बीच सीधी बातचीत नहीं हुई है। अभी कतर, मिस्र और ब्रिटेन आदि देश मध्यस्थता की भूमिका निभा रहे हैं। दरअसल, अमेरिका चाहता है कि ईरान अपना मिसाइल कार्यक्रम अल्पकाल के लिए बंद कर दे। साथ ही यूरेनियम एनरिचमेंट को भी रोक दे। साथ ही अपने परमाणु ठिकानों को पूरी तरह से बंद कर दे।





