जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। मीडिया रिपोर्ट्स से बड़ी खबर सामने आई है। गुजरात पोर्ट आ रहे थाईलैंड के कार्गो जहाज पर बुधवार को दो मिसाइलों से हमला किया गया। हालांकि, रेस्क्यू ऑपरेशनमें 20 क्रू मेंबर्सको बचाने की बात कही जा रही है। बता दें कि ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अगर हॉर्मुज में ईरान ने हमला किया तो अमेरिका ईरान पर 20 गुना ज्यादा हमला करेगा। इसके जवाब में ईरान ने कहा कि कार्गो शिप तो दूर की बात अगर यहां से किसी ने एक लीटर तेल भी ले जाने की कोशिश की तो उस पर हमला किया जाएगा। बुधवार को यही हुआ। थाईलैंड का कार्गो जलडमरूमध्य से होकर गुजर रहा था तभी उस पर दो मिसाइलें दाग दी गईं।

बताया जा रहा है कि अरब सागर में थाईलैंड के झंडे वाला कार्गो मुरी नारी पर बुधवार को हमला किया गया। मीडिया रिपोर्टस की मानें तो यह जहाज प्रेशियस शिपिंग पीसीएल की ओर से संचालित 30 हजार डेडवेट टन की क्षमता वाला बल्क कैरियर है। यूएई से रवाना होने के कुछ देर बाद इस पर हमला कर दिया गया। यह हमला तब हुआ जब यह कार्गो हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास पहुंचा। जहाज यूएई से गुजरात के कांडला पोर्ट की तरफ जा रहा था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रॉयल थाई नेवी ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उसके अनुसार दो प्रोजेक्टाइल जहाज की वॉटरलाइन पर लगे, जिससे पिछले हिस्से और इंजन रूम को नुकसान पहुंचा है। थाई नेवी ने जो तस्वीर जारी की है उसमें धुआं उठता हुआ देखा जा सकता है। हालांकि, नेवी क्रू मेंबर्स को बचाने की बात कही जा रही है। तीन क्रू मेंबर्स के फंसे होने की भी जानकारी है जिन्हें बचाने का प्रयास तेज किया गया है।





