जन प्रवाद, ब्यूरो। ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमले के बाद पूरा मध्य-पूर्व युद्ध की चपेट में आ गया है। सोमवार को भी दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले किए। ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया, वहीं इजरायल में मिसाइल हमलों के बाद तेल अवीव में जोरदार धमाके सुनाई दिए। इजरायली बचाव सेवाओं के अनुसार, एक प्राचीन स्थल पर हुए हमले में आठ लोगों की मौत और 28 लोगों के घायल की खबर है।

ईरान में भारी तबाही
तेहरान में बमबारी से सरकारी संस्थानों वाले इलाके में धुएं का विशाल गुबार देखा गया। ईरानी अधिकारियों के अनुसार अब तक 200 से अधिक लोग मारे गए हैं, जिनमें एक स्कूल पर हमले में 180 मौतें भी शामिल हैं।
मोदी की कूटनीतिक सक्रियता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू और यूएई राष्ट्रपति से फोन पर बातचीत कर हालात पर चिंता जताई। भारत ने खाड़ी देशों पर हुए हमलों की निंदा करते हुए एकजुटता का संदेश दिया।
लेबनान और जॉर्डन में तनाव

हिजबुल्लाह के हमले के बाद इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में भीषण हमले शुरू किए। हालात को देखकर समझा जा सकता है कि इजरायल ने 53 गांवों के लोगों को खाली करने के लिए बोल दिया। जॉर्डन ने दावा किया कि उसने 49 ईरानी ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराया।
एयर इंडिया ने उड़ानें रद्द कीं
मध्य-पूर्व में बढ़ते खतरों के चलते एयर इंडिया ने 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द कर दिया है जबकि कई मार्गों को यूरोप के रास्ते डायवर्ट किया गया है।

खाड़ी देशों में हताहत
ईरान के हमलों में सऊदी अरब, यूएई और अन्य देशों में कम से कम तीन लोगों की मौत जबकि 58 लोगों के घायल होने की खबर है। यूएई ने तेहरान में अपना दूतावास बंद कर राजनयिकों को वापस बुला लिया। बता दें कि युद्ध की कवरेज के लिए जन प्रवाद की टीम इस समय दुबई पहुंची हुई है। कल हमारे वरिष्ठ संवाददाता कैलाश चंद ने दुबई के लाइव हालात दिखाए। दुबई में जहां हमारी टीम ठहरी हुई है उसके 500 मीटर दूर पर धमाका हुआ। सड़कों पर सिर्फ बाहरी लोग अपने सूटकेशों को ले जाते हुए दिखाई दिए।





